ऑपरेशन प्रहार के तहत बागेश्वर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22 वाहन चालकों के चालान; 12 व्यक्तियों पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई
होटल-ढाबों में देर शाम चला चेकिंग अभियान, 6 बाहरी व्यक्तियों का किया गया सत्यापन; संदिग्धों पर पुलिस की पैनी नजर
बागेश्वर। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए बागेश्वर पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित इस अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों तथा बिना सत्यापन रह रहे व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 10 नवंबर 2026 को पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की। इनमें से 4 वाहनों के चालान न्यायालय भेजे गए।
वहीं, देर शाम पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत होटल एवं ढाबों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बाहरी क्षेत्रों से आए व्यक्तियों का सत्यापन किया गया तथा कुल 6 बाहरी व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन किया गया।
पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, जो बाहरी क्षेत्रों से आकर अपनी पहचान छिपाकर अथवा वेश बदलकर रह सकते हैं। इसके लिए होटल, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगातार चेकिंग की जा रही है।
इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने तथा बिना पुलिस सत्यापन के रहने वाले 12 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
बागेश्वर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बागेश्वर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
