Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 11, 2026

13 वर्ष बीतने के बावजूद धरातल पर नहीं उतर सकी परियोजना


 – 2013 में हुआ था कालसी में पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय का शिलान्यास
विकासनगर ।  कालसी क्षेत्र में पशुपालन को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित करने के उद्देश्य से क्षेत्रवासियों ने पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा से कालसी में पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय स्थापित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2013 में तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कालसी में पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय का शिलान्यास किया था, लेकिन करीब 13 वर्ष बीतने के बावजूद परियोजना धरातल पर नहीं उतर सकी है।
महाविद्यालय के लिए अनुकूल परिस्थितियां:    क्षेत्रवासी भवानी सिंह तोमर, बलवीर सिंह, चतर सिंह, दीपक सिंह, शमशेर सिंह, श्याम दत्त वर्मा और मनीष शर्मा आदि ने कहा कि कालसी में महाविद्यालय की स्थापना के लिए अनुकूल परिस्थितियां मौजूद हैं। यहां सरकार के पास पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। साथ ही पशुपालन से जुड़ी गतिविधियों और पशु संसाधनों के लिहाज से भी यह क्षेत्र उपयुक्त है। इसके बावजूद शिलान्यास के बाद महाविद्यालय निर्माण की दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पाई है।

ग्रामीणों का कहना है कि कालसी में पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय खुलने से जौनसार-बावर और पछुवादून के पशुपालकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्हें पशुओं के उपचार, आधुनिक पशुपालन तकनीक, नस्ल सुधार और पशु स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के लिए दूरदराज के क्षेत्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को पशु चिकित्सा और इससे जुड़े व्यावसायिक क्षेत्रों में शिक्षा एवं रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने पशुपालन मंत्री से वर्ष 2013 में किए गए शिलान्यास के बाद की स्थिति की समीक्षा कर महाविद्यालय निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस परियोजना को केवल शिलान्यास तक सीमित रखने के बजाय धरातल पर उतारा जाना चाहिए, जिससे क्षेत्र में पशुपालन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।

Advertisement