Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

उत्तराखंड में 3 दिन बारिश-अंधड़ पर अलर्ट


देहरादून ।  उत्तराखंड में शुक्रवार से मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 18 से 20 अप्रैल तक बारिश-अंधड़ की चेतावनी जारी की है। सभी जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है। कई जगह हल्की से मध्यम और कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में ज्यादा बारिश की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद आपदा प्रबंधन विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ.बिक्रम सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तराखंड के मौसम में बदलाव आएगा। शुक्रवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून व पौड़ी जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। यहां बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसके मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 19 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट है। हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत व यूएसनगर में 70 किमी/घंटा की रफ्तार से अंधड़ चल सकता है। 20 के लिए येलो अलर्ट है व प्रदेशभर में हल्की बारिश के साथ 40 किमी/घंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग की बारिश पर चेतावनी के साथ ही पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह: आपदा प्रबंधन विभाग के स्टेट कंट्रोल रूम की डयूटी अफसर डॉ.वेदिका पंत ने मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट जारी किया। साथ ही कहा कि भारी वर्षा की चेतावनी के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों को जाने की अनुमति न दी जाए।

Advertisement