Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 20, 2026

महिलाओं ने अंग्रेजी शराब की दुकान में ताले जड़े


रुद्रपुर ।   ग्राम पटिया में अंग्रेजी शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर आक्रोशित महिलाओं ने रविवार को प्रदर्शन किया। महिलाओं ने शराब की दुकान में अपने ताले लगाकर गेट पर धरना शुरू कर दिया। रविवार को पटिया (कौंधा अशरफ) में महिलाएं शराब की दुकान में तालाबंदी कर परिसर में धरने पर बैठ गईं। उनका आरोप है कि अंग्रेजी शराब की दुकान को गुरुद्वारा, स्कूल, आबादी से दूर शिफ्ट किया जाए। कहा कि जब से अंग्रेजी शराब की दुकान खुली है, तब से आए दिन गुरुद्वारे और स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं व ग्रामीणों के समक्ष परेशानी खड़ी हो रही है। शराबियों द्वारा आपस में लड़ाई-झगड़ा और उत्पात किया जा रहा है। गांव की महिलाओं, बच्चों के समक्ष गाली-गलौज की जाती है। इससे महिलाओं, बच्चों और गांव के लोगों को शर्मिंदा होना पड़ रहा है। इससे बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है गांव का माहौल खराब हो रहा है। गांव में दिहाड़ी मजदूर और छोटे किसान रहते हैं, जो अपनी मेहनत की कमाई को शराब में खर्च कर रहे हैं। इससे परिवार चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम पटिया में पिछले वित्तीय वर्ष में प्रथम बार अंग्रेजी शराब की दुकान संचालित हुई थी। अंग्रेजी शराब की दुकान को गांव की आबादी से दूर शिफ्ट किए जाने की मांग को लेकर 12 अप्रैल को ग्राम पटिया एवं कौंधा अशरफ के ग्रामीणों ने अंग्रेजी शराब की दुकान के समक्ष प्रदर्शन कर आबकारी विभाग से अंग्रेजी शराब की दुकान को आबादी से दूर शिफ्ट करने की मांग की थी। आबकारी विभाग ने शराब की दुकान को शिफ्ट किए जाने के लिए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया था। यहां सुखदेव सिंह, गुरजीत कौर, बलविंदर कौर, सर्वजीत कौर, मनजिंदर कौर, अमरजीत कौर, सुखप्रीत सिंह, हैप्पी सिंह, राजू सिंह आदि मौजूद रहे।

Advertisement