March 3, 2026

अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर कोतवाली पुलिस ने निकाली जन जागरूकता बाइक रैली”नशा मिटाओ, जीवन बचाओ” का दिया संदेश

बागेश्वर । अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर आज कोतवाली पुलिस बागेश्वर द्वारा नगर क्षेत्र में एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस जन जागरूकता रैली का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और नशा मुक्त समाज की ओर प्रेरित करना था।

बाइक रैली का शुभारंभ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्री कैलाश सिंह ने किया। यह रैली थाना परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पूरे शहर में भ्रमण करते हुए जनमानस को जागरूक करने का माध्यम बनी। इस रैली में प्रभारी निरीक्षक समेत कोतवाली के समस्त पुलिसकर्मी सम्मिलित हुए।

रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने “नशा मिटाओ, जीवन बचाओ” तथा “स्वस्थ समाज का आधार – नशा मुक्त परिवार” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। आम नागरिकों को संदेश दिया गया कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है।

प्रभारी निरीक्षक श्री कैलाश सिंह नेगी ने इस अवसर पर आमजन से अपील की कि वे स्वयं, अपने परिवार और विशेषकर बच्चों को नशे से दूर रखें और नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने यह भी कहा कि नशा उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, ताकि हम एक सुरक्षित, समृद्ध और स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकें।

रैली के समापन पर सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वयं को नशा मुक्त रखने एवं समाज को भी नशा मुक्त बनाने की सामुहिक शपथ ली।

यह पहल निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएगी और नशे के विरुद्ध एकजुट होकर लड़ने के लिए लोगों को प्रेरित करेगी ।

You may have missed