March 11, 2026

बैजनाथ पुलिस ने किया नाबालिग का 25 हजार का चालान, 2 वाहन सीज

बागेश्वर/गरुड़ । पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रशेखर घोडके के निर्देशानुसार जनपद में यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे सघन चैकिंग अभियान के तहत पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।

कोतवाली बागेश्वर पुलिस द्वारा भराड़ी मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल (संख्या UK02 A2364) को रोका गया, जिसके रैट्रो साइलेंसर से अत्यधिक तेज और कानफोड़ू आवाज निकल रही थी। जांच में पाया गया कि मोटरसाइकिल में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाया गया था। उक्त वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत मौके पर ही सीज कर दिया गया।

इसी क्रम में, थाना बैजनाथ पुलिस द्वारा एक अन्य कार्रवाई में मोटरसाइकिल (संख्या UK04K9024) को रोका गया, जिसे एक नाबालिग चला रहा था। वाहन चालक की उम्र कम होने के कारण उसे मौके पर परिजनों के सुपुर्द किया गया तथा उन्हें यातायात नियमों की जानकारी देकर सख्त चेतावनी दी गई। इसके अतिरिक्त, वाहन स्वामी का ₹25,000 का चालान कर वाहन को सीज किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि ओवरस्पीड, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, रैश ड्राइविंग तथा मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बागेश्वर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें ।