August 10, 2026

नाबालिग से छेड़छाड़ व धमकी के आरोपी को बागेश्वर पुलिस ने किया गिरफ्तार

बागेश्वर । जिले के कपकोट थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़, अपहरण की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 4 जुलाई को एक व्यक्ति ने थाना कपकोट में तहरीर देकर बताया कि 3 जुलाई 2025 को उसकी नाबालिग पुत्री के साथ भूपाल सिंह कपकोटी तथा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण कर गंभीर अपराध करने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना कपकोट में मु.अ.सं. 28/2025 अंतर्गत धारा 74/75/137(2)/351(2) BNS तथा 7/8/11/12 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।

पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देश पर विवेचना को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया गया। जांच के दौरान 5 जुलाई को पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण एवं न्यायालय में 164 बीएनएस के तहत बयान दर्ज किए गए। बयानों के आधार पर मुकदमे में धारा 376/511 IPC तथा 9(N)/10 पोक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई।

उसी दिन अभियुक्त भूपाल सिंह कपकोटी (उम्र 58 वर्ष), पुत्र नारायण सिंह, निवासी कपकोट को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था में लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है ।