Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 28, 2026

1.85 करोड़ की ठगी करने वाला फरार आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार


अल्मोड़ा । एसएसपी देवेन्द्र पींचा के सख्त निर्देशों के तहत अल्मोड़ा पुलिस अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में भतरौजखान पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.85 करोड़ रुपये की ठगी के आरोपी को दिल्ली के लाजपत नगर से गिरफ्तार किया है। विगत 27 अक्टूबर 2024 को पंकज प्रकाश नामक व्यक्ति ने भतरौजखान थाने में तहरीर दी कि वर्ष 2021 से आरोपी विपिन चमोली ने उसे फार्मा कंपनी में अधिक मुनाफे का झांसा देकर करीब 88 लाख रुपये निवेश के नाम पर ठग लिए। कुछ राशि लौटाने के बाद आरोपी ने 29 लाख रुपये हड़प लिए थे। मामले में भतरौजखान थाने में एफआईआर संख्या 42/2024 दर्ज की गई थी। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने न केवल वादी, बल्कि अन्य सात लोगों से भी इसी तरह कुल 1.85 करोड़ रुपये की ठगी की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह और सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। ठगी के इस आरोपी ने पहचान और ठिकाने लगातार बदलते हुए पुलिस को चकमा देने की कोशिश की, लेकिन सर्विलांस सेल की मदद से पुलिस को शनिवार, 5 जुलाई की शाम लाजपत नगर, दिल्ली से उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विपिन चमोली (29 वर्ष), निवासी जुगड़गांव, न्यू टिहरी, टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है, जो वर्तमान में दक्षिण पुरी, अंबेडकर नगर, दक्षिण दिल्ली में रह रहा था। कार्रवाई में उपनिरीक्षक मीना आर्या, हेड कांस्टेबल राजा राम, कांस्टेबल नीरज पाल और सर्विलांस सेल के कांस्टेबल बलवंत प्रसाद शामिल रहे।

Advertisement