छुट्टी का आदेश देर से आने से विद्यालयों में असमंजस की स्थिति
बागेश्वर । मौसम विभाग द्वारा बारिश की चेतावनी का अलर्ट सोमवार शाम को जारी हो गया था। अलर्ट के मद्देनजर विद्यालयों में छुट्टी को लेकर उस समय असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई जब मंगलवार को छुट्टी का आधिकारिक आदेश निर्धारित समय से काफी देर बाद प्राप्त हुआ। आपदा प्रबंधन अधिकारी कार्यालय से 7:20 पर आदेश प्राप्त हुआ। सुबह विद्यालय खुलने के बाद छात्र-छात्राएं और शिक्षक विद्यालय पहुंच चुके थे, लेकिन छुट्टी की स्पष्ट जानकारी न होने के कारण भ्रम की स्थिति बनी रही। जब संबंधित विभाग से छुट्टी का आदेश प्राप्त हुआ, तब जाकर स्थिति स्पष्ट हो सकी। ऐसे में कई विद्यालयों में सामान्य रूप से शिक्षण कार्य जारी रहा और विद्यार्थियों को वापस घर नहीं भेजा गया। शिक्षकों ने बताया कि यदि आदेश समय पर प्राप्त हो जाता, तो ऐसी असुविधा से बचा जा सकता था। अभिभावकों ने भी इस देरी पर नाराजगी जताई और मांग की कि भविष्य में इस प्रकार की सूचना समय रहते दी जाए, जिससे छात्रों और शिक्षकों को असुविधा न हो। इधर खंड शिक्षा अधिकारी चक्ष्युपति अवस्थी ने बताया कि आपदा प्रबंधन कार्यालय से मौखिक आदेश के बाद अवकाश किया गया है।
