Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 20, 2026

स्नातक स्तरीय परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

बागेश्वर । अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शनिवार को जिला कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने 21 सितम्बर को होने वाली परीक्षा की संवेदनशीलता पर जोर देते हुए कहा कि परीक्षा का आयोजन पूर्ण पारदर्शिता और शांति के साथ होना चाहिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरों और जैमर की सुचारु कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने पर बल दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी एवं तत्परता से करें।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने हेतु संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनें तैनात करने, विद्युत विभाग को परीक्षा अवधि में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जल संस्थान को सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के प्रतिनिधि सतीश चन्द्र उप्रेती और किशोर गढकोटी ने परीक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी दी। जनपद में परीक्षा हेतु कुल 9 केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ 3027 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, उपजिलाधिकारी ललित मोहन तिवारी, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, नोडल अधिकारी तथा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

Advertisement