Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 18, 2026

रुद्रप्रयाग में महिलाओं ने दुकान से नहीं बिकने दी शराब


रुद्रप्रयाग ।  जिला मुख्यालय स्थित पेट्रोल पंप के निकट शराब की दुकान को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग को लेकर महिलाओं ने दूसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन किया और शराब की दुकान से शराब नहीं बिकने दी। दुकान के बाहर महिलाएं दिन भर पहरा देती रहीं। इधर, यूकेडी ने भी महिलाओं के आंदोलन को समर्थन दिया है। शनिवार को वार्ड 2 अपर बाजार की महिलाएं सुबह ही शराब की दुकान के बाहर जमा हो गई। महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दुकान से शराब बेचने का प्रयास किया गया तो वे इसका कड़ा विरोध करेंगी, चाहे इसका अंजाम कुछ भी हो। बीते दिन से रुद्रप्रयाग नगर में शराब की दुकान को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग को लेकर महिलाओं का विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ था। शुक्रवार को महिलाओं ने रात 8 बजे तक दुकान के बाहर धरना दिया और किसी तरह शराब बिकने नहीं दी। जबकि शनिवार को महिलाएं सुबह ही दुकान के बाहर पहुंच गई। उन्होंने एकजुट होकर दुकान से शराब बेचने का विरोध किया। जिसके चलते शराबी दुकान तक नहीं पहुंच सके। जबकि महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि जब तक दुकान अन्यत्र शिफ्ट नहीं होती उनका विरोध जारी रहेगा। महिला जनवादी महिला समिति की अध्यक्ष वीरा देवी, राखी देवी, आशा देवी ने कहा कि जब तक दुकान यहां से नहीं हटाई जाती उनका आंदोलन जारी रहेगा। कहा कि वह दुकान के कारण होने वाली अव्यवस्थाओं से अब ऊब चुकी है। जिस तरह के माहौल से उनका गुजरना पड़ रहा है उसके लिए अब दुकान हटाकर ही चैन की सांस लेंगे। इधर, महिलाओं के आंदोलन को उक्रांद के जिलाध्यक्ष सूरत सिंह झिंकवाण, कार्यकारी अध्यक्ष सुबोध नौटियाल, जिला महामंत्री अजीत भंडारी, प्रकाश भट्ट, आशुतोष भंडारी, विक्रम सिंह सहित कई लोगों ने समर्थन दिया और धरने में शामिल हुए।

Advertisement