बागेश्वर से बड़ी खबर – नई जिलाधिकारी आकांक्षा कोण्डे ने संभाला कार्यभार, बागनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना, कहा – “जनहित और पारदर्शिता होगी मेरी प्राथमिकता”
बागेश्वर । जिले को नई ऊर्जा और दिशा देने की उम्मीदों के साथ नव नियुक्त जिलाधिकारी आकांक्षा कोण्डे ने आज बागेश्वर की जिलाधिकारी के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने से पूर्व उन्होंने प्रसिद्ध बागनाथ मंदिर में भगवान शिव के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
कार्यभार ग्रहण के बाद उन्होंने जिला कोषागार के दो तालक कक्ष का निरीक्षण किया, जिसमें रजिस्टर, रसीद बुक, स्टाम्प रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की गहन जांच की। इसके उपरांत उन्होंने जिला कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और सभी को यह स्पष्ट संदेश दिया कि प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता, दक्षता और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
2018 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी आकांक्षा कोण्डे इससे पूर्व मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार के पद पर कार्यरत थीं। अपने अब तक के कार्यकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए बेहद कुशल, संवेदनशील और परिणाम-केन्द्रित प्रशासनिक अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बनाई है।
प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी ने कहा कि बागेश्वर जनपद में सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सेवाओं के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा, “सरकार की प्रत्येक योजना को धरातल तक पहुंचाना और आम जनता को उसका लाभ दिलाना हमारा लक्ष्य है। आपदा प्रभावित गांवों का दौरा कर जल्द राहत दी जाएगी। क्षतिग्रस्त ढांचे और सड़कों के सुधारीकरण के निर्देश भी शीघ्र जारी किए जाएंगे।”
उन्होंने यह भी कहा कि जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए एक सशक्त जनसंपर्क व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि कोई भी नागरिक अपनी समस्या लेकर दर-दर भटकने को मजबूर न हो।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर. सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन. एस. नबियाल, मुख्य कोषाधिकारी कन्हैया राम सहित राजस्व विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बागेश्वर जिले के नागरिकों में नई जिलाधिकारी से प्रशासनिक सुधार और जनहितकारी नीतियों की नई उम्मीदें जग उठी हैं।
