पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी ने ली बैठक
बागेश्वर ।
जिलाधिकारी डॉ. आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक कल्याण विभाग की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों से संबंधित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि बैठक से पूर्व सभी संबंधित विभागों के साथ एजेंडा साझा किया जाए, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि सभी पूर्व सैनिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए, इसकी नियमित रूप से समीक्षा की जाए।
सैनिक कल्याण विभाग के ब्लॉक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि वे उपजिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर पूर्व सैनिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करें।
विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जल संस्थान को कुलवान के कांडपाल तोक की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत, पीडब्ल्यूडी को घाघड़ बाईपास से गंगनाथ मंदिर तक 2 किमी सड़क का एस्टीमेट तैयार करने, और एनएच विभाग को देवतोली लिंक मोटर मार्ग के डामरीकरण की कार्यवाही शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
एक पूर्व सैनिक के भूमि विवाद के संबंध में जिलाधिकारी ने एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सभी सड़क निर्माण एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में कोई सड़क 24 घंटे से अधिक बंद नहीं रहनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बैठक में उठाए गए प्रत्येक बिंदु पर नियमित फॉलोअप किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचे और बैठकों से सकारात्मक परिणाम प्राप्त हों।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विजय मनराल, सहित अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
