उत्तराखंड में जल जीवन मिशन का काम ठप करने की चेतावनी, ठेकेदारों के 12 सौ करोड़ नही हुआ भुगतान!!!
देहरादून । देवभूमि जल शक्ति कॉन्टैक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने जल जीवन मिशन का काम ठप करने की चेतावनी दी। केंद्र से जल जीवन मिशन का बजट न मिलने पर नाराजगी जताई। देवभूमि जल शक्ति कॉन्टैक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने उत्तराखंड में जल जीवन मिशन “हर घर जल हर घर नल” योजना में हुए कार्यो का भुगतान न होने पर रोष जताया। एसोसिएशन ने कहा कि ठेकेदारों का करीब 1200 करोड़ रूपए का भुगतान नहीं हुआ है। इससे ठेकेदारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। त्यागी रोड स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि जल जीवन मिशन में अब तक लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके हैं। शेष 30 प्रतिशत योजनाओं में से लगभग 25 प्रतिशत कार्य 95-98 प्रतिशत तक पूर्ण कर दिए गए हैं। इसके बावजूद राज्य एवं केंद्र स्तर पर धन आवंटन रोक दिया गया है। इसके लिए ठेकेदारों को अनुचित रूप से “दोषी” ठहराया जा रहा है। जबकि सभी कार्य जल निगम, जल संस्थान के अधिकारियों और थर्ड पार्टी एजेंसियों की निगरानी में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए गए हैं। विभाग की कई शाखाओं द्वारा लगातार ठेकेदारों पर दबाव बनाया जा रहा है कि जल्द काम पूरा किया जाए। अनुबंध निरस्त कर सिक्योरिटी जब्त करने, ब्लैक लिस्ट करने की चेतावनी दी जा रही है। ठेकेदारों को केवल आर्थिक, मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। कहना हैं कि जिन छोटे ठेकेदारों ने बैंक से ब्याज पर पैसा लेकर अपने परिवार के गुजर बसर हेतू यह अपनाया था वे आज बर्बादी के कगार पर खड़े हो चुके है ब उन्हें बैंक का ब्याज अपनी प्रोपर्टी बेच कर चुकाना होगा। कहा कि सभी ठेकेदारों की भुगतान प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। मांगों का समाधान एक सप्ताह के भीतर नहीं किया गया तो काम पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। विभागीय मुख्यालय पर मजदूरों के साथ मिलकर धरना प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर एसोसिएशन उपाध्यक्ष सचिन मित्तल, महासचिव सुनील गुप्ता, अंकित सालार, सौरव गोयल, गौरव गोयल, मुकुंद उपाध्याय, यशपाल चौहान, सकलानंद लखेड़ा, जे पी अग्रवाल, अमित कुमार, महेश कुमार, इंतजार त्यागी मौजूद रहे।
