June 16, 2026

वॉप्कोस को जिलाधिकारी ने भेजा नोटिस


बागेश्वर ।  लंबे समय से पिंडर नदी पर वाप्कोस द्वारा बनाए जा रहे पुल का निर्माण कार्य समय पर पूर्ण न होने पर जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कड़ा रुख अपनाया है। अधिशासी अभियंता वाप्कोस को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निर्धारित समयावधि के भीतर पुल नहीं बनने का कारण स्पष्ट करने को कहा है। इसके लिए तीन दिन का समय दिया है। संतोषजनक उत्तर नहीं दिया तो कार्रवाई होगी। मालूम हो कि पिंडर नदी पर मोटर पुल बनाने के लिए वर्ष 2021 में टेंडर लगाए गए थे। कार्यदायी संस्था वाप्कोस ने फरवरी 2024 तक पुल का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा था। आज तक पुल नहीं बनने से सोराग गांव के ग्रामीण परेशान हैं। गत दिनों ग्रामीण एक बीमार महिला को पांच किमी डोली से लाए। गत वर्ष एक गर्भवती महिला को 12 किमी डोली में लाए। तब महिला के गर्भ में पल रहे मासूम की मौत हो गई थी। इसके बावजूद निर्माणाधीन पुल आज तक नहीं बन पाया। इस व्यवस्था पर नवागत डीएम आकांक्षा कोंडे ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की लापरवाही जनहित के कार्यों में अनावश्यक विलंब उत्पन्न करती है। उन्होंने अभियंता से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी है कि यदि प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो अधिशासी अभियंता के खिलाफ अनुशासनात्मक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed