Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

पिथौरागढ़ में राफ्टिंग पर्यटन को नई उड़ान – दिनेश गुरुरानी ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, 477वें दिन किया पौधारोपण

पिथौरागढ़। कुमाऊं राफ्टिंग व कयाकिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी के नेतृत्व में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी आशीष भटनई से मुलाकात की। इस अवसर पर गुरुरानी ने पौधारोपण अभियान के 477वें दिन ‘धरती मां के नाम एक पौधा’ के तहत जिलाधिकारी को पौधा भेंट कर स्वागत किया।

एसोसिएशन की ओर से जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें काली नदी में राफ्टिंग गतिविधियों को पुनः शुरू करने और उसे ‘नेपाल दर्शन कार्यक्रम’ से जोड़ने की अनुमति मांगी गई। प्रस्तावित योजना के अंतर्गत जौलजीवी से हंसेश्वर तथा झुलाघाट से बलतड़ी तक रिवर राफ्टिंग कराई जाएगी।

दिनेश गुरुरानी ने कहा कि पिथौरागढ़ जनपद में रिवर राफ्टिंग की अपार संभावनाएं हैं। यदि इस योजना को लागू किया गया, तो इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय ग्रामीण युवाओं को भी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2008 में जौलजीवी में राष्ट्रीय स्तर की राफ्टिंग चैंपियनशिप सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सतत प्रयासरत है, और यह योजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। जिलाधिकारी आशीष भटनई ने इस पहल की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर संगठन के महासचिव मनोहर सिंह ऐरी भी उपस्थित रहे।

इधर, दिनेश गुरुरानी ने अपने नित्य पौधारोपण अभियान के तहत 477वें दिन अपने पिताजी स्व. तारादत्त गुरुरानी की स्मृति में पौधा लगाया।

उन्होंने जानकारी दी कि उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा हिमानी एडवेंचर के माध्यम से 9 नवंबर से 14 नवंबर तक जौलजीवी में गोरी व काली नदी पर अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं को रिवर राफ्टिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी अपने विद्यालय में संपर्क कर प्रशिक्षण हेतु नाम दर्ज करा सकते हैं।

Advertisement