March 6, 2026

बागेश्वर पुलिस अलर्ट मोड पर: नशे में वाहन चलाना पड़ा भारी, चालक गिरफ्तार – वाहन सीज

बागेश्वर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को लेकर बागेश्वर पुलिस अब सख्त मोड में नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नाबालिग चालकों, शराब के नशे में वाहन चलाने वालों, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों, बिना रिफ्लेक्टर या प्रदूषण प्रमाणपत्र के वाहन चलाने वालों तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 05 नवंबर 2025 को थाना कपकोट क्षेत्र में उपनिरीक्षक जीवन सिंह सामंत के नेतृत्व में चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी चन्द्र राम पुत्र लछ्छी राम निवासी मल्लाफेर, थाना कपकोट को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया तथा वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत सीज कर दिया।

पुलिस ने बताया कि ऐसे वाहनों और चालकों के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। जनपद में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार संचालित किया जाएगा।

जनपद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे में वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा में सहयोग करें।