June 16, 2026

गरुड़ में रजत जयंती समारोह पर बृहद बहुद्देशीय शिविर आयोजित

गरुड़ (बागेश्वर)। उत्तराखण्ड राज्य गठन की रजत जयंती के अवसर पर विकास खण्ड गरुड़ में बुधवार को बृहद बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही लाभार्थियों का पंजीकरण किया।

स्वास्थ्य विभाग ने जांच, आयुष उपचार, परामर्श और होम्योपैथिक सेवाएं प्रदान कीं। वहीं समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन, उद्यान, उद्योग, श्रम, महिला सशक्तिकरण, बाल विकास और सहकारिता विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।

जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने शिविर में आयोजित जनसुनवाई में जनता की समस्याएं सुनीं। अधिकांश शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया, जबकि शेष शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी गईं।

डीएम ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने और मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने राज्य आंदोलन के संघर्षों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। डीएम आकांक्षा कोंडे ने कहा कि रजत जयंती शिविर शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का माध्यम है।

जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर दिया। शिविर में किसानों को ₹4 लाख के चेक वितरित किए गए तथा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण व प्रमाण पत्र दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग ने महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम आयोजित कर नारीशक्ति का सम्मान किया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शिविर की सफलता हेतु बधाई दी और अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।

शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा, सीएमओ डॉ. कुमार आदित्य तिवारी, सीडीओ आरसी तिवारी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, एसडीएम अनिल चन्याल, ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

You may have missed