April 24, 2026

17वां राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन 7 से 9 नवम्बर तक रुद्रपुर में

बागेश्वर। कुमाउनी भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से 17वां राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन इस वर्ष भी विगत परंपरा के अनुरूप जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) रुद्रपुर, उधमसिंह नगर में आयोजित किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक आयोजन 7, 8 एवं 9 नवम्बर तक चलेगा।

इस तीन दिवसीय सम्मेलन में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कुमाउनी भाषाविद्, साहित्यकार, लेखक और नवोदित कवि शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान कुमाउनी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने तथा उत्तराखंड के सभी विद्यालयों में कुमाउनी भाषा को एक विषय के रूप में लागू करने का प्रस्ताव पारित कर शासन-प्रशासन को भेजा जाएगा।

बागेश्वर जनपद के संयोजक किशन सिंह मलड़ा, रमेश पर्वतीय, डा. के. एस. रावत, डा. हेम चंद्र दुबे, डा. नेहा पालनी भाकुनी, चरण सिंह बघरी, श्रीमती सुनीता टमटा, श्रीमती गीता रावल, शैलेंद्र चौहान, नवल किशोर टमटा, राजेंद्र सिंह समेत कई भाषा प्रेमियों ने बैठक कर सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की। सभी ने एकमत से अपील की कि कुमाउनी भाषा के गौरव को बढ़ाने हेतु अधिक से अधिक संख्या में लोग सम्मेलन में उपस्थित होकर अपना सहयोग और आशीर्वाद प्रदान करें।

यह आयोजन न केवल भाषा के उत्थान का प्रतीक होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए कुमाउनी संस्कृति और पहचान को संजोए रखने का महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।