March 7, 2026

उत्तराखंड को नई सोच के साथ समग्र विकास की जरूरत: अखिलेश यादव


देहरादून ।  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तराखंडवासियों के नाम राज्य स्थापना दिवस पर बधाई संदेश जारी किया है। उन्होंने बधाई संदेश में पत्नी डिंपल यादव के साथ 2025 में गंगा के संगम देवप्रयाग की यात्रा का भी जिक्र किया है। साथ ही नई सोच के साथ राज्य के समग्र विकास की आवश्यकता जताई है। अखिलेश यादव ने कहा कि राज्य गठन की नींव नेताजी मुलायम सिंह यादव ने जनमत संग्रह कराकर डाली थी। उन्होंने यूपी के दोनों सदनों से उत्तराखंड राज्य निर्माण का प्रस्ताव केंद्र को भेजा था, लेकिन इन 25 साल में उत्तराखंड की जनता को आकांक्षाओं के अनुरूप अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाए हैं। पर्यावरणीय अनदेखी, अंधाधुंध जंगल कटान और अवैध खनन से उत्तराखंड प्राकृतिक आपदाओं और भूस्खलन जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। बेरोजगारी चरम पर है। 1796 गांव मानव विहीन हो गए। स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई है। शिक्षा की दशा बदहाल है। उद्योग धंधों का अभाव बना हुआ है। अखिलेश ने भ्रष्टाचार और प्राकृतिक संसाधानों के अवैज्ञानिक दोहन को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा है। कहा कि उत्तराखंड के तीर्थ स्थानों की पवित्रता और अस्मिता की लगातार उपेक्षा हो रही है। तीर्थाटन को पर्यटन का नया रंग रूप दिया जा रहा है। उद्योगपतियों को प्रश्रय देकर यहां सुविधाओं के नाम पर कंक्रीट के जंगल उगाए जा रहे है।