बागेश्वर में एनएसयूआई ने प्रदेश सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
बागेश्वर । अंकिता भंडारी हत्याकांड में वायरल वीडियो में कथित नामों को लेकर जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलेगा उनका आंदोलन जारी रहेगा। जिलाध्यक्ष कमलेश गड़िया के नेतृत्व में कार्यकर्ता शनिवार को एक बार फिर मुखर हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जिस प्रकार भाजपा से जुड़े बड़े नेताओं के नाम इस मामले में सामने आए हैं, उससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि प्रदेश की बहन-बेटियों की सुरक्षा से सरकार ने समझौता किया है और सत्ता संरक्षण के चलते दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की तो संगठन प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन शुरू करेगा। इस मौके पर चांदनी गोगिनी, कमल कपकोटी, प्रेम दानू, भूपेश ऐठानी, देवेंद्र दानू, हरीश जोशी, दीवान गढ़िया, नवीन जोशी, गोलू कपकोटी, गोविंद फर्स्वाण, गोविंद गढ़िया आदि लोग मौजूद थे।
