Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 12, 2026

38 वर्षों की निस्वार्थ सेवा का भव्य सम्मान

बागेश्वर | बिलौनासेरा की आंगनबाड़ी कार्यकत्री श्रीमती मोहिनी देवी ने 38 वर्षों की लंबी सेवा पूर्ण कर आज जब विदाई ली, तो यह क्षण एक सामान्य सेवानिवृत्ति नहीं बल्कि जनसेवा के प्रति समर्पण का उत्सव बन गया। विभिन्न संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने फूलमालाओं से लादकर उन्हें भावभीनी विदाई दी। सैकड़ों परिवारों की मौजूदगी ने साबित कर दिया कि मोहिनी देवी ने अपने कार्यों से गांव के हर घर में अपनी अलग पहचान बनाई।
अपने कार्यकाल में उन्होंने बालिका संरक्षण, पोषण, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया। कोरोना काल में उनकी विशेष सेवाओं के लिए उन्हें सम्मानित किया गया, वहीं बीएलओ के रूप में भी उनके उत्कृष्ट कार्यों को विभाग और जिला प्रशासन द्वारा सराहा गया। बीमारी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हमेशा कर्तव्य को सर्वोपरि रखा।
विदाई समारोह के मुख्य अतिथि किशन सिंह मलड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि मोहिनी देवी ने आंगनबाड़ी केंद्र को सेवा और संवेदना का केंद्र बनाया। बालिकाओं के संरक्षण से लेकर सामाजिक और पर्यावरणीय कार्यों तक उनकी भागीदारी अनुकरणीय रही। उन्होंने कहा कि आज सैकड़ों लोगों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि मोहिनी देवी ने जनविश्वास और सम्मान दोनों अर्जित किए।
सभा का संचालन करते हुए पूर्व ग्राम प्रधान कैलाश गड़िया ने कहा कि बिलौनासेरा और क्षेत्रवासी उनके सहयोग और सेवाओं को सदैव याद रखेंगे। इस अवसर पर अनेक गणमान्य नागरिकों और ग्रामीणों ने सहभागिता की। फूलमालाओं और सम्मान के साथ दी गई यह विदाई यह संदेश दे गई कि सच्ची सेवा पद से नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में जगह बनाने से अमर होती है।

Advertisement