Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

50 हजार की रिश्वत लेते जिला पूर्ति अधिकारी और सहायक गिरफ्तार


हरिद्वार ।  देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने हरिद्वार में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य और उनके सहायक गौरव शर्मा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ज्वालापुर स्थित तहसील परिसर में स्थित जिला पूर्ति कार्यालय में की गई। जानकारी के अनुसार, जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा एक राशन डीलर से 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की, जिसके बाद शुक्रवार को विजिलेंस टीम ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया। जैसे ही पीड़ित ने तयशुदा राशि आरोपियों को सौंपी, टीम ने तत्काल दोनों को रंगे हाथ दबोच लिया और रिश्वत की रकम भी मौके से बरामद कर ली। विजिलेंस की इस कार्रवाई से तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया। शुक्रवार देर शाम तक जिला पूर्ति कार्यालय में दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी रही। एहतियात के तौर पर कार्यालय के बाहर पुलिस बल भी तैनात किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ पूरी होने के बाद विजिलेंस टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ देहरादून ले जा सकती है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी हरिद्वार जिले में विजिलेंस ने बहादराबाद के खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौर और उनके सहायक को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश भर में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस अभियान तेज किया गया है, जिसके तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।

You may have missed

Advertisement