Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 18, 2026

सल्ट में स्विफ्ट डिजायर से सवा 11 लाख का गांजा बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार


अल्मोड़ा । जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी और सल्ट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट डिजायर कार से 44.930 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 11.23 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से पांच युवकों को गिरफ्तार कर कार को सीज कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर प्रभारी एसओजी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी और थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में गुरुवार शाम कटपतिया तिराहे के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। चेकिंग के दौरान स्विफ्ट डिजायर कार (यूके07-एएक्स-8384) को रोका गया। कार में सवार युवकों ने पुलिस से बचने के लिए गांजे को तेजपत्ता बताने की कोशिश की, लेकिन तलाशी लेने पर कार से कुल 44.930 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में थाना सल्ट में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा मंगरु से काशीपुर की ओर ले जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंगद सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी कचनाल गाजी, काशीपुर, अमन जाटव पुत्र मानक चन्द्र निवासी आदर्श नगर, अजित सिंह उर्फ अज्जू पुत्र परमजीत सिंह निवासी कचनाल गाजी पहाड़ी, अजय सिंह उर्फ अज्जी पुत्र मान सिंह निवासी रम्पुरा शांतिनगर कॉलोनी मानपुर और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र जसवीर सिंह निवासी रम्पुरा लाइन पार, काशीपुर (ऊधमसिंहनगर) के रूप में हुई है। इधर, कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा ने पांच हजार रुपये के नगद इनाम से पुरस्कृत किया है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह, अपर उपनिरीक्षक लोमेश कुमार, हेड कांस्टेबल आरिफ हुसैन, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार, हेड कांस्टेबल संजू कुमार और कांस्टेबल राकेश खेतवाल शामिल रहे।

Advertisement