भूमि बचाओ संघर्ष समिति का धरना 15वें दिन भी जारी
रुद्रपुर । भूमि बचाओ संघर्ष समिति का राजनगर में धरना 15वें दिन भी जारी रहा। रविवार को विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने धरनास्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया। वक्ताओं ने कहा कि किसानों को उजाड़कर उद्योग लगाने के बजाय सरकार सिडकुल में आंचल का उद्योग लगाए। कहा कि शक्तिफार्म में काबिज लोगों के पट्टे खारिज कर उजाड़ने की नीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि शक्तिफार्म में 200 से अधिक पट्टे खारिज हैं। इनकी जमीन को हथियाने का षड्यंत्र किया जा रहा है। यहां कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम आचार्य, पूर्व पालिकाध्यक्ष हरीश दुबे, पूर्व दर्जा मंत्री बलवंत बोहरा, सुनील हाल्दार, प्रशांत मण्डल, सागर मण्डल, सुभाष मण्डल, विश्वजीत मण्डल आदि मौजूद रहे। 28 जनवरी से पहले भूमि खाली करने को चार परिवारों को नोटिस शक्तिफार्म। ग्राम राजनगर में धरने पर बैठे चार परिवारों को दुग्ध विकास विभाग की ओर से नोटिस देकर 28 जनवरी से पहले अतिक्रमण हटा लेने के नोटिस जारी किए गए हैं। डेयरी विकास विभाग के सहायक निदेशक ने नित्यानंद मंडल, सुभाष मंडल, मनोजित व्यापारी, विश्वजीत मंडल को नोटिस जारी कर कहा है कि ग्राम राजनगर शक्तिफार्म में डेयरी विकास विभाग को निर्माणाधीन आंचल आइसक्रीम फैक्ट्री के लिए भूमि हस्तान्तरित की गई है। नोटिस में टेंट लगाकर पांच जनवरी से चल रहे धरने को अवैध बताया गया है। विभागीय भूमि को तत्काल खाली करने को कहा गया है। चेतावनी दी है कि 28 जनवरी के उपरांत बलपूर्वक जमीन खाली कराने व कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
