March 7, 2026

बदरी-केदार धाम में विशेष पूजा हो सकती है महंगी, बीकेटीसी कर रही  शुल्क में बढ़ोत्तरी पर विचार


चमोली ।  इस बार चारधाम यात्रा में बदरी-केदार धाम आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष पूजा के लिए जेब ढीली करनी पड़ सकती है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति दोनों धामों में विशेष पूजा के शुल्क में बढ़ोत्तरी पर विचार कर रही है। इसका प्रस्ताव 10 मार्च को देहरादून में होने वाली समिति की बोर्ड बैठक में रखा जाना है। यदि इस प्रस्ताव पर मोहर लगती है तो विशेष पूजाओं का शुल्क 15 से 30 प्रतिशत तक बढ़ सकता है। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में महाभिषेक, आरती सहित अन्य विशेष पूजाएं मंदिर समिति की वेबसाइट पर बुक की जाती है। आफलाइन पूजा के लिए मंदिर समिति के कार्यालयों के काउंटरों पर भी शुल्क जमा किया जाता है। दो वर्ष पहले विशेष पूजाओं का शुल्क बढ़ाया गया था। अब इस यात्रा सीजन में इसमें बढ़ोत्तरी की योजना बनाई जा रही है। मंदिर समिति के अधिकारी इसके पीछे का कारण आय बढ़ाना मान रहे हैं।
बदरीनाथ धाम की विशेष पूजा का शुल्क
महाभिषेक पूजा: 4,700 रुपए
अभिषेक पूजा : 4,500
शयन आरती, गीत गोविंद पाठ: 3,100
वेद पाठ : 2,500
गीता पाठ: 2,500
चंडी आरती: 401
विष्णुसहस्त्रनाम स्तोत्र पाठ : 701
नित्य नियम भोग 11,000
केदारनाथ धाम की विशेष पूजा का शुल्क
महाभिषेक पूजा : 9,500
रुद्राभिषेक पूजा : 7,200
लघु रुद्राभिषेक पूजा : 6,100
षोठशोपचार पूजा: 5,500
बाल भोग: 1000
10 मार्च को देहरादून में मंदिर समिति की बैठक बुलाई गई है। बैठक में पूजा शुल्क सहित व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी। अगर बोर्ड चाहेगा तो विशेष पूजाओं का शुल्क बढ़ाया जा सकता है। – विजय प्रसाद थपलियाल, सीईओ बीकेटीसी