March 7, 2026

दो नशा तस्कर गिरफ्तार, 4.82 लाख की स्मैक बरामद


अल्मोड़ा ।  जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की बाजार कीमत लगभग 4.82 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर कोतवाली अल्मोड़ा और एसओजी की संयुक्त टीम ने गुरुवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चंद्र उपाध्याय और एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीम बेस तिराहे के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल संख्या यूके04-एपी-5711 में सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गौरव बिष्ट उर्फ डांसर के पास से 8.66 ग्राम तथा सौरभ भंडारी के पास से 7.42 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। कुल बरामद स्मैक का वजन 16.08 ग्राम पाया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और कोतवाली अल्मोड़ा में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में गौरव बिष्ट उर्फ डांसर (25) पुत्र बलवंत सिंह निवासी सरकार की आली, खोल्टा अल्मोड़ा तथा सौरभ भंडारी (22) पुत्र गणेश भंडारी निवासी न्यू इंद्रा कॉलोनी खत्याड़ी अल्मोड़ा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गौरव बिष्ट के खिलाफ कोतवाली अल्मोड़ा में एनडीपीएस अधिनियम के तहत पहले भी दो मुकदमे दर्ज हैं। यहाँ टीम में उपनिरीक्षक आनंद बल्लभ कश्मीरा (प्रभारी चौकी धारानौला), कांस्टेबल राजेश भट्ट और कांस्टेबल गणेश दत्त पांडे शामिल रहे।