March 9, 2026

मोतीचूर के पास भीषण सड़क हादसे के बाद हाईवे रहा बाधित, एक किलोमीटर लंबा जाम


हरिद्वार ।  मोतीचूर के निकट हाईवे पर रविवार देर रात हुए सड़क हादसे के बाद सोमवार को प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुए भारी वाहनों को हटाने के लिए बड़ी क्रेन की मदद ली गई। राहत और बचाव कार्य के दौरान कुछ समय के लिए देहरादून से हरिद्वार आने वाले हाईवे मार्ग को पूरी तरह से रोकना पड़ा। हाईवे बंद होने के कारण देहरादून से हरिद्वार की ओर आने वाले मार्ग पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को संभाला। कुछ देर बाद स्थिति को देखते हुए एक ही सड़क पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से शुरू कराई गई। इससे जाम धीरे-धीरे कम होने लगा। करीब एक घंटे तक चले अभियान में क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाया गया। इसके बाद पुलिस ने मार्ग पर यातायात को सुचारु कराया। घटनास्थल पर एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एआरटीओ हरिद्वार नेहा झा, एआरटीओ ऋषिकेश रश्मि पंत, सीपीयू हरिद्वार के इंचार्ज हितेश शर्मा सहित रायवाला थाना पुलिस के अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।