March 10, 2026

बागेश्वर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार


बागेश्वर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कपकोट पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा के निर्देशों पर नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कपकोट पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 10 मार्च 2026 को कपकोट पुलिस ने सरयू पुल कपकोट के समीप स्थित एक किराए के कमरे में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तनुज गढ़िया उर्फ तारा के कमरे से 8 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब में 8 पेटी 8 PM बरमूडा रम शामिल है। पुलिस ने मौके से ही अभियुक्त को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान तनुज गढ़िया उर्फ तारा पुत्र आनंद सिंह, निवासी ग्राम लीली, कपकोट, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। इस मामले में थाना कपकोट में मु.अ.सं. 10/26 के अंतर्गत धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी, उपनिरीक्षक संजय धौनी, हेड कांस्टेबल विनोद हर्बोला तथा कांस्टेबल वीरेंद्र परिहार शामिल रहे। पुलिस की इस सक्रिय कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक सशक्त संदेश गया है।