March 10, 2026

सफाई कर्मियों की हड़ताल से जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर


रुड़की ।   नगर निगम रुड़की में तैनात अस्थाई सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को दूसरे दिन भी अपनी हड़ताल जारी रखी। हड़ताल के कारण दूसरे दिन भी शहर में कूड़ा नहीं उठा। जिसके चलते शहर में जगह-जगह गंदगी के अंबार लगे रहे। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, नगर निगम के अधिकारी हड़ताली कर्मचारियों को मनाने के लिए दिनभर प्रयास करते रहे। उनके साथ बैठकें की, लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अडिग रहे। मांगों के समर्थन में कर्मचारियों ने पड़ाव में जमकर प्रदर्शन किया। देवभूमि निकाय संयुक्त कर्मचारी महासंघ (भारतीय मजदूर संघ, उत्तराखंड) के आह्वान पर अस्थाई सफाई कर्मचारी सोमवार से हड़ताल पर हैं। सभी सफाई कर्मचारी पुरानी तहसील स्थित नगर निगम के पड़ाव में धरने पर बैठे हैं। आंदोलन की अगुवाई कर रहे संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेश गोगलिया ने कहा कि जब तक कर्मचारियों की मांग पूरी नहीं होती है आंदोलन जारी रहेगा। सालों से कर्मचारी अस्थाई रूप में काम करके नियमित होने की आस लगाए बैठे हैं। उन्हें हर बार केवल आश्वासन ही मिल रहा है। नगर निगम में कई वर्षों से कार्यरत सफाई कर्मचारी और कूड़ा वाहन चालक निगम की व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं, ऐसे में उन्हें थर्ड पार्टी कंपनी के अधीन किया जाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर संगठन की नगर सभापति बिमला देवी, अध्यक्ष विनेश सौदाई और कार्यकारिणी अध्यक्ष राजपाल सिंह, विपिन कुमार, शाखा प्रभारी विकास गगोलिया, आनंद चंचल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद डोगरा, जौनी बेनीवाल, दीपक भवानी, कर्ण बिरला, राजीव, अशोक कुमार, रामनाथ, राजन बिरला आदि ने भी विचार रखे।