नशे के खिलाफ पुलिस का सख्त प्रहार: 3 पेटी शराब के साथ अभियुक्त गिरफ्तार, वाहन भी सीज
बागेश्वर। जनपद में मादक पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त बागेश्वर” अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) के सख्त निर्देशों और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 मार्च 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान झिरौली थाना क्षेत्र में अपर उप निरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन संख्या UA-02-1861 (मैक्स टैक्सी) से 36 बोतल (तीन पेटी) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से नन्दन सिंह (32 वर्ष) पुत्र दान सिंह, निवासी ग्राम अंसो, थाना झिरौली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना झिरौली में एफआईआर संख्या 03/2026 के तहत धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध नशे के कारोबार, सार्वजनिक स्थानों तथा होटलों में शराब परोसने जैसी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में अपर उप निरीक्षक राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल प्रमोद रावत और हेड कांस्टेबल नरेंद्र मेहरा शामिल रहे।
