घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य, कमर्शियल सिलेंडरों के उपयोग पर अस्थायी रोक: डीएम कोंडे
अफवाहों से बचने और पैनिक बुकिंग न करने की अपील, व्यवस्था पर प्रशासन की पैनी नजर
बागेश्वर। जनपद में गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर फैली आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट करते हुए कहा है कि घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और नागरिकों को किसी प्रकार की घबराहट या पैनिक बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं है। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कहा कि शासन के निर्देशों के तहत फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडरों के उपयोग पर अस्थायी प्रतिबंध लागू किया गया है, जबकि घरेलू गैस की आपूर्ति पूर्ववत जारी रहेगी।
इस विषय पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला होटल एसोसिएशन, पेट्रोल पंप संचालकों, गैस एजेंसियों, आवासीय विद्यालयों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्तमान गैस आपूर्ति व्यवस्था और संभावित चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी हितधारकों से सुझाव भी लिए गए। जिलाधिकारी ने सभी संस्थाओं से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवश्यक संस्थानों में गैस आपूर्ति किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जनपद एवं तहसील स्तर पर क्विक रिस्पॉन्स टीम का गठन किया गया है तथा जिला पूर्ति अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। साथ ही जिला एवं तहसील आपदा नियंत्रण कक्षों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस, उपजिलाधिकारी और तहसीलदारों को गैस वाहनों के निर्बाध आवागमन तथा बाजार में पारदर्शिता बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों को अपने परिसरों में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी बल्लभ पांडेय ने जानकारी दी कि इंडियन ऑयल का ऑनलाइन पोर्टल तकनीकी कारणों से अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ है, जिसे शीघ्र ही ठीक कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अनावश्यक भंडारण से बचने और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही ईंधन प्राप्त करने की अपील की। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि पेट्रोल पंपों पर बोतल, कैन या अन्य खुले कंटेनरों में ईंधन उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने नागरिकों को सोशल मीडिया पर प्रसारित फर्जी गैस बुकिंग लिंक और संदिग्ध नंबरों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध सूचना मिलने पर तुरंत प्रशासन या पुलिस को सूचित करें।
अपर जिलाधिकारी एन. एस. नबियाल ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। यदि कहीं भी घरेलू गैस का कमर्शियल उपयोग पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी प्रतिष्ठानों से शासन के निर्देशों का पालन करते हुए गैस सिलेंडरों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही करने की अपील की।
बैठक में गैस ईंधन के विकल्पों पर भी विचार-विमर्श किया गया, जिसमें इंडक्शन चूल्हा, बिजली तथा लकड़ी जैसे वैकल्पिक ईंधनों के उपयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई। जिला प्रशासन ने अंत में नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें, ताकि जनपद में आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे।
