March 13, 2026

पिछले 70 सालों से सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाया सालू गांव


उत्तरकाशी ।  भटवाड़ी विकासखंड का सालू गांव पिछले सात दशक से सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाया है। इस कारण विद्यालय पहुंचने के लिए छात्र-छात्राएं करीब छह किमी की पैदल दूरी तय करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया सड़क न होने से उन्हें अनेक तरह की दिक्कतें झेलनी पड़ती है। सड़क निर्माण के लिए पहले लोनिवि और पीएमजीएवाई विभाग केवल सर्वे तक सीमित रह गया है। ग्राम प्रधान अनूपा रावत ने बताया कि उनके गांव में सड़क न पहुंचने से आज भी वह आदम युग में जीने को मजबूर हैं। सड़क न होने से स्कूली बच्चों को करीब छह किमी की घने जंगलों के बीच से पैदल दूरी तय करनी पड़ती है। इस दौरान जंगली जानवरों के हमले का भय बना रहता है। बताया, सड़क के लिए पहले लोक निर्माण विभाग ने सर्वे किया लेकिन वह आगे नहीं बढ़ पाया। वहीं, अब मामला पीएमजीएसवाई विभाग को हस्तांतरित हुआ है लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बताया सड़क न होने से आज भी बीमार को डंडी-कंडी पर लाया जाता है। ऐसे में कई लोग रास्ते में ही दम तोड़ चुके हैं। बताया, सबसे अधिक नुकसान नकदी फसलों का होता है। गांव में आलू सहित अन्य नकदी फसलों का उत्पादन होता है लेकिन सड़क मार्ग न होने और किराया अधिक होने से कई बार फसलें गांव में ही सड़ कर खराब हो जाती है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन से कई बार लिखित शिकायत करने के बावजूद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता शुभाशीष राणा ने कहा कि सड़क का सर्वे किया गया है। जल्द ही डीपीआर तैयार करने की कार्रवाई होेगी। सड़क निर्माण प्रक्रिया अभी लंबा समय लग सकता है।