बैजनाथ पुलिस की सख्त कार्रवाई, कार और होटल से अवैध शराब बरामद; तीन तस्कर गिरफ्तार
बागेश्वर, गरुड । जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत बागेश्वर पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध कड़ा प्रहार करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देश पर पूरे जनपद में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके दौरान कार और होटल से अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 को चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली बैजनाथ पुलिस टीम ने उप-निरीक्षक उमेश सिंह रजवार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए वाहन संख्या UK02TA-2665 (अल्टो कार) को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान वाहन से तीन पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इस मामले में बैजनाथ निवासी मोहन सिंह (40 वर्ष) पुत्र तारा सिंह और मुन्ना सिंह (39 वर्ष) पुत्र गोपाल सिंह को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली बैजनाथ में एफआईआर संख्या 05/2026 के अंतर्गत धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में थाना कपकोट पुलिस टीम ने उप-निरीक्षक जीवन सिंह सामंत के नेतृत्व में छापेमारी करते हुए कपकोट निवासी संतोष सिंह (41 वर्ष) पुत्र नारायण सिंह को उसके होटल से 17 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। इस संबंध में थाना कपकोट में एफआईआर संख्या 12/2026 के तहत धारा 60(1) आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध नशे की बिक्री, तस्करी तथा सार्वजनिक स्थानों या होटलों में शराब परोसने वालों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि समाज में नशे के दुष्प्रभावों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
