April 8, 2026

कपकोट में 104 जिलेटिन छड़ों के साथ अभियुक्त गिरफ्तार


बागेश्वर। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के अंतर्गत पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) के कुशल निर्देशन में कपकोट पुलिस ने अवैध विस्फोटक पदार्थ के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कपकोट अंतर्गत शामा चौकी प्रभारी अपर उपनिरीक्षक सुमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान लीती निवासी पान सिंह की दुकान में छापेमारी कर पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ (जिलेटिन) की कुल 104 छड़ें बरामद कीं।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वर्ष 2010-2012 के दौरान सड़क निर्माण कार्य में प्रयुक्त विस्फोटक सामग्री बच जाने के बाद उसने इन्हें अपने पास ही रख लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) को मौके पर बुलाया गया, जिसने जांच के उपरांत बरामद सामग्री को विस्फोटक पदार्थ के रूप में पुष्टि की।
पुलिस ने दिनांक 29 मार्च 2026 को अभियुक्त पान सिंह (52 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना कपकोट में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 5 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया है। बरामद विस्फोटक सामग्री को विधिवत सील कर सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि अभियुक्त क्षेत्र में जनरल स्टोर, चाय की दुकान एवं एक होमस्टे का संचालन भी करता है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है।