April 23, 2026

सुदृढ़ संचार नेटवर्क की दिशा में प्रशासन का निर्णायक कदम, टेलीकॉम समिति की बैठक में विकास की रूपरेखा तय


बागेश्वर। जनपद में आधुनिक एवं निर्बाध संचार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रशासन ने गंभीर पहल करते हुए ठोस कदम उठाए हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में आयोजित टेलीकॉम समिति की बैठक में दूरसंचार सेवाओं की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों एवं कंपनियों को स्पष्ट एवं समयबद्ध दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में स्थापित सभी दूरसंचार टावरों की कार्यशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने बीएसएनएल के एसडीओ को निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर टावर स्थापित हैं, वहां तीन दिवस के भीतर ग्राम प्रधानों से प्रमाण-पत्र प्राप्त कर लिया जाए, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। साथ ही, सड़क, सीवर लाइन अथवा अन्य निर्माण कार्यों के दौरान दूरसंचार लाइनों को किसी भी प्रकार की क्षति से बचाने के लिए संबंधित विभागों को बीएसएनएल के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
भारत नेट योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को नोडल अधिकारी की नियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि योजना की सतत मॉनिटरिंग हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान डिजिटल युग में शिक्षा, शासन एवं जनसेवाओं का बड़ा हिस्सा ऑनलाइन माध्यमों पर निर्भर है, ऐसे में निर्बाध नेटवर्क की उपलब्धता अत्यंत अनिवार्य हो गई है।
इसके अतिरिक्त, उप जिलाधिकारी कपकोट को सभी वी-सैट (VSAT) की कार्यशीलता की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार नए उपकरणों की खरीद प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए, जिससे आगामी मानसून से पूर्व उनकी उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके और किसी भी आपात स्थिति में संचार व्यवस्था बाधित न हो।
बैठक में एसडीओ आशीष निगम ने अवगत कराया कि 4G सैचुरेशन योजना के अंतर्गत जनपद में अब तक 48 नए टावर स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि नेटवर्क विस्तार को और सुदृढ़ करने हेतु 7 नए टावर प्रस्तावित हैं, जिनमें भागदानू (गरुड़), भानार, बैसानी, बड़ेत, चोरखड़क, कन्यालिकोट (कपकोट) एवं पौसारी क्षेत्र शामिल हैं। वहीं भारत नेट योजना के प्रथम चरण में 124 ग्राम पंचायतों में इंटरनेट सेवा सफलतापूर्वक संचालित की जा चुकी है।
बैठक के अंत में बीएसएनएल द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई कि वे बेहतर 4G सेवाओं का लाभ उठाने हेतु अपने 2G सिम को शीघ्र 4G सिम में परिवर्तित कर लें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत एवं उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।