अल्मोड़ा को 138 करोड़ की योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास
17 योजनाओं का लोकार्पण तथा 9 योजनाओं का किया शिलान्यास
अल्मोड़ा । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अल्मोड़ा पहुंचकर विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के नवीन प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 138.09 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात जनपद को दी। मुख्यमंत्री ने 112.11 करोड़ रुपये की 17 योजनाओं का लोकार्पण और 25.97 करोड़ रुपये की नौ योजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, नगर विकास और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद है और यहां की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। लोकार्पित योजनाओं में रानीखेत में क्षतिग्रस्त आवास एवं कॉन्फ्रेंस हॉल निर्माण, राजकीय महिला पॉलीटेक्निक अल्मोड़ा की बाउंड्रीवाल, भैरव मंदिर क्षेत्र में पार्किंग निर्माण, जीआईसी अल्मोड़ा और केएमओयू बस स्टेशन में बहुस्तरीय पार्किंग, विभिन्न पेयजल योजनाएं, कई मोटर मार्गों का सुधारीकरण, बाढ़ सुरक्षा कार्य, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा में ट्रांजिट हॉस्टल और एसएसजे विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन एवं कुलपति आवास निर्माण जैसी योजनाएं शामिल रहीं। वहीं शिलान्यास की गई योजनाओं में दन्या स्थित सैम देवता मंदिर का सौंदर्यीकरण, विभिन्न मोटर मार्गों का डामरीकरण और सुधारीकरण, गोविंदपुर-दौलाघाट में बैराज निर्माण तथा विद्यालयों में कक्षा-कक्ष निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, एसएसजे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
