चंडाक, अल्मोड़ा ट्रांसमिशन लाइन ट्रिप होने से कुमाऊँ के बड़े हिस्से में ब्लैकआउट
?3132-9
बागेश्वर, अल्मोड़ा, रानीखेत और भिकियासैंण अंधेरे में डूबे, रात 10 बजे तक आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद
बागेश्वर । कुमाऊँ मंडल के पर्वतीय अंचलों में गुरुवार शाम अचानक बड़ा विद्युत संकट उत्पन्न हो गया, जब चंदक–अल्मोड़ा विद्युत लाइन ट्रिप हो गई। तकनीकी व्यवधान के चलते बागेश्वर, अल्मोड़ा, रानीखेत तथा भिकियासैंण सहित व्यापक क्षेत्र पूर्णतः अंधकार में डूब गया। अचानक गुल हुई बिजली से आम जनजीवन प्रभावित हो गया, वहीं बाजारों, घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ध्याड़ी–बसौलीखान क्षेत्र के समीप विद्युत लाइन पर पेड़ गिरने की सूचना स्थानीय ग्रामीणों द्वारा विद्युत विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही यूपीसीएल की पेट्रोलिंग टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई, जो वास्तविक स्थिति का आकलन कर रही है। तकनीकी दलों को लाइन दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर पर लगाया गया है।
यूपीसीएल बागेश्वर के एसडीओ ई. आनंद खोलिया ने बताया कि चंदक–अल्मोड़ा लाइन ट्रिप होने के साथ ही भवाली–अल्मोड़ा लाइन का ब्रेकर भी खुल गया, जिसके कारण अल्मोड़ा समेत उससे जुड़े समस्त रानीखेत और बागेश्वर क्षेत्र में ब्लैकआउट की स्थिति पैदा हो गई। उन्होंने कहा कि विभागीय टीमें लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं और यदि मौसम तथा तकनीकी परिस्थितियाँ अनुकूल रहीं तो रात लगभग 10 बजे तक विद्युत आपूर्ति सुचारु किए जाने की संभावना है।
इधर, लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल आपूर्ति, मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही विद्युत बाधाओं को लेकर स्थानीय लोगों में रोष भी देखा गया। नागरिकों ने विद्युत लाइनों के नियमित रखरखाव और वन क्षेत्रों में लाइन सुरक्षा को लेकर स्थायी समाधान की मांग उठाई है।
