May 30, 2026

राहुल गांधी के अल्मोड़ा दौरे की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, कौसानी में हुई रणनीतिक बैठक


कौसानी/बागेश्वर। आगामी 4 जून को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित अल्मोड़ा दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कौसानी में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में बागेश्वर जिला कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राहुल गांधी के कार्यक्रम की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तथा कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। हरीश रावत ने उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संगठनात्मक एकजुटता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा जनता के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटना होगा।
बैठक में पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व राज्यमंत्री गोपाल दत्त भट्ट, जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, जिला पंचायत सदस्य बबलू नेगी, पूर्व राज्यमंत्री राजेंद्र टंगड़िया, देवेंद्र परिहार, ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, लक्ष्मण आर्य, बसंत नेगी, कमलेश गढ़िया, सुंदर बरोलिया तथा चामू देवली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के माध्यम से कांग्रेस ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि राहुल गांधी के अल्मोड़ा दौरे को ऐतिहासिक और जनसरोकारों से जुड़ा कार्यक्रम बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि यह दौरा प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा और ऊर्जा का संचार करेगा।