June 9, 2026

सीईआईआर पोर्टल की मदद से कौसानी पुलिस ने खोजा गुमशुदा मोबाइल, मालिक को लौटाई मुस्कान


कौसानी, बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में कौसानी पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति का गुम हुआ मोबाइल फोन बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी को सौंप दिया। पुलिस की इस कार्यवाही से आमजन में तकनीकी संसाधनों के प्रति विश्वास और पुलिस की कार्यकुशलता का सकारात्मक संदेश गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 जून 2026 को पंत मार्ग, कौसानी निवासी महेश चंद्र जोशी ने अपना मोबाइल फोन गुम होने की लिखित शिकायत कोतवाली कौसानी में दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारम्भ कर दी। पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीकी साधनों और भारत सरकार के आधिकारिक सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल का उपयोग करते हुए मोबाइल की तलाश शुरू की।
लगातार तकनीकी प्रयासों और सूक्ष्म जांच के बाद पुलिस टीम ने गुम हुए मोबाइल फोन का सफलतापूर्वक पता लगा लिया। सोमवार को पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन उसके स्वामी महेश चंद्र जोशी को सकुशल सुपुर्द कर दिया। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर महेश चंद्र जोशी ने बागेश्वर पुलिस तथा कौसानी थाना पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्परता और दक्षता की सराहना की।
पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल निकटतम थाने में सूचना देने के साथ-साथ सीईआईआर पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं, जिससे तकनीकी सहायता के माध्यम से गुम हुए मोबाइल की बरामदगी की संभावना बढ़ सके। कौसानी पुलिस की यह कार्रवाई आधुनिक तकनीक और प्रभावी पुलिसिंग के समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।

You may have missed