UKSSSC परीक्षा को लेकर बागेश्वर पुलिस हाई अलर्ट, नकल माफियाओं पर कड़ी नजर; 10 परीक्षा केंद्रों पर अभेद्य सुरक्षा घेरा
बागेश्वर। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा 14 जून को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय पदों की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए बागेश्वर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी से निपटने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में शनिवार को पुलिस उपाधीक्षक द्वारा कोतवाली बागेश्वर में परीक्षा ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग ली गई। इस दौरान ड्यूटी कार्मिकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, ईमानदारी तथा जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति की तत्काल सूचना उच्चाधिकारियों को देंगे।
परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व प्रत्येक अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र, मूल पहचान पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की जाएगी। विशेष रूप से महिला अभ्यर्थियों की गरिमा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनकी तलाशी महिला पुलिस कर्मियों द्वारा अलग से ली जाएगी। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अभ्यर्थियों की हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) से सघन जांच की जाएगी, ताकि मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, एनालॉग घड़ी, पेन कैमरा, बटन कैमरा, ईयरबड्स, स्टोरेज डिवाइस, कैलकुलेटर, स्मार्ट बैंड अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री परीक्षा कक्ष तक न पहुंच सके।
पुलिस प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया है। संदिग्ध व्यक्तियों, असामाजिक तत्वों और संभावित नकल गिरोहों पर विशेष नजर रखी जा रही है। यह निगरानी परीक्षा समाप्त होने तक लगातार जारी रहेगी। साथ ही अभिसूचना इकाई को भी सक्रिय कर भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जनपद में परीक्षा के लिए कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों के निर्बाध आवागमन को सुनिश्चित करने हेतु प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बागेश्वर पुलिस ने दोहराया है कि परीक्षा की शुचिता, पवित्रता और पारदर्शिता बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार से परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने या अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती से स्पष्ट है कि इस बार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा का अभेद्य घेरा रहेगा और नकल माफियाओं के मंसूबों पर पूरी तरह पानी फेरने की तैयारी कर ली गई है।
