यूथ कांग्रेस ने प्रभारी मंत्री कैड़ा के खिलाफ किया प्रदर्शन
बागेश्वर । प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान बताने वाले बयान पर यूथ कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री ने उनकी भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने मंत्री से बयान वापस लेने तथा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता शनिवार को एसबीआई तिराहे पर एकत्रित हुए। यहां नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक देश में किसी भी जनप्रतिनिधि या राजनीतिक नेता को भगवान बताना उचित नहीं है।
उन्होंने प्रभारी मंत्री के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ बताया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बयान वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है जहां हर जगह भगवान बसते हैं, लेकिन किसी इंसान को भगवान बनाना वह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया। इस मौके पर यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार, बालकृष्ण, नवीन सिंह, खीम सिंह, प्रदेश महासचिव संजय चनियाल, पंकज पपोला, राकेश सिंह, पवन पपोला, चंदन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
