जिला अस्पताल पहुंचीं डीएम अपूर्वा पाण्डे, स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी; विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के लिए शासन से करेंगी पैरवी
बागेश्वर। जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सशक्त एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने मंगलवार को जिला चिकित्सालय का व्यापक निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं चिकित्सा इकाइयों का दौरा कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, उपचार व्यवस्था तथा स्वास्थ्य संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने इमरजेंसी, आईसीयू, एचडीयू, सीसीयू, महिला एवं बाल वार्ड, दिव्यांग पुनर्वास केंद्र तथा डायलिसिस यूनिट का निरीक्षण करते हुए वहां मौजूद व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपचार की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता तथा अस्पताल में मिलने वाली अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने दवा भंडारण और उपलब्ध स्टॉक का भी अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुमार आदित्य तिवारी एवं प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन शर्मा के साथ हुई बैठक में अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या तथा अवसंरचनात्मक आवश्यकताओं पर गंभीर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुलभ बनाने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं और जिला प्रशासन इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता तथा अस्पताल की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने के लिए शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी की जाएगी, ताकि जनपदवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं की तत्परता तथा जनसुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं संवेदनशील बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सक भी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर जिलाधिकारी की यह सक्रियता जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में सुधार और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
