September 28, 2026

दिल्ली में छिपा था चाकू से हमला करने का आरोपी, बागेश्वर पुलिस ने दबोचकर पहुंचाया सलाखों के पीछे

बागेश्वर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना झिरौली पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। गर्दन पर धारदार चाकू से हमला करने के मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपी को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 8 मई 2026 को थाना झिरौली क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि दीपक सिंह नेगी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए धारदार चाकू से गर्दन पर हमला किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना झिरौली में एफआईआर संख्या 07/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए थे। उनके निर्देशों के अनुपालन में थाना झिरौली पुलिस ने लगातार सुरागरसी और तकनीकी निगरानी के माध्यम से आरोपी की तलाश जारी रखी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के दिल्ली में होने की सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने रोहिणी क्षेत्र में दबिश दी।

पुलिस टीम ने सोमवार को दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-17 स्थित ब्रदर्स कैफे के निकट से आरोपी दीपक सिंह नेगी पुत्र बलवंत सिंह नेगी, निवासी ग्राम छानी, थाना झिरौली, उम्र 31 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई को फरार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।