Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 15, 2026

हरिद्वार में पकड़े गए नकली नोट गिरोह के पंजाब से जुड़े तार, दो मास्टरमाइंड गिरफ्तार


हरिद्वार ।  हरिद्वार में नकली नोट चलाने वाले गिरोह के तार पंजाब से जुड़े मिले हैं। हरिद्वार पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो मास्टरमाइंड पवन कुमार और सुखबीर सिंह को भी पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस चार आरोपियों को हरिद्वार में नकली नोट चलाते हुए गिरफ्तार कर चुकी थी। इन चार आरोपियों में दो बाप बेटे की जोड़ियां शामिल थीं। पुलिस अब तक इस मामले में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।रविवार को मायापुर स्थित एसपी सिटी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि 6 जुलाई को नगर कोतवाली पुलिस ने सरजीत सिंह, उसके बेटे टिंकू तथा संजीव कुमार और उसके बेटे सुमित कुमार को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 500 रुपये के कुल 84,500 रुपये के नकली नोट बरामद हुए थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हरिद्वार में करीब 10 हजार रुपये के नकली नोट बाजार में चला चुके थे। 10 जुलाई को न्यायालय से पीसीआर मिलने के बाद टिंकू और सुमित से पूछताछ की गई। पूछताछ में गिरोह के दो मुख्य आरोपियों पवन कुमार और सुखबीर सिंह के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस टीम पंजाब पहुंची और पठानकोट हाईवे स्थित बापू दा ढाबा के पास से पवन कुमार को 5 हजार रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया। वहीं सुखबीर सिंह को 1 लाख रुपये के नकली नोटों के साथ दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर और एक कार भी बरामद की। एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

Advertisement