भारी बारिश के अलर्ट पर बागेश्वर में 27 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
बागेश्वर । भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 27 जुलाई 2026 को जनपद में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज गर्जना की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी बागेश्वर ने सोमवार, 27 जुलाई को जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की अवहेलना करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करे।
