July 27, 2026

कारगिल शहीदों व NEET के मृत अभ्यर्थियों को संघर्ष वाहिनी ने दी श्रद्धांजलि, मांगों को लेकर जताया आक्रोश

बागेश्वर। संघर्ष वाहिनी बागेश्वर द्वारा रविवार को तहसील रोड स्थित शहीद स्मारक पर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों तथा NEET पेपर लीक प्रकरण के बाद आत्महत्या करने वाले 21 छात्र-छात्राओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघर्ष वाहिनी के जिलाध्यक्ष कवि जोशी ने कहा कि कारगिल के वीर शहीदों का बलिदान देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने NEET पेपर लीक प्रकरण को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि न्याय की मांग कर रहे छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं।

उन्होंने मांग की कि आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा पैलेट गन के इस्तेमाल पर सरकार देश से माफी मांगे तथा इसकी अनुमति देने वाले अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए। साथ ही आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की घोषणा को शीघ्र लागू किया जाए और पुलिस कार्रवाई में घायल अन्य छात्रों को भी उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।

कवि जोशी ने कहा कि NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और आंदोलनकारियों पर हुई कार्रवाई की जांच संसदीय समिति की निगरानी में कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कवि जोशी, रमेश पाण्डेय, भुवन कांडपाल, संस्कार भारती, रिजवान खान, रोहित खैर और दर्शन जोशी सहित कई लोग उपस्थित रहे।