July 27, 2026

बागेश्वर पुलिस का नशे पर प्रहार, रिठकुला में तीन नाली अवैध भांग की फसल नष्ट

बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत शामा चौकी पुलिस ने ग्राम रिठकुला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग तीन नाली में उगी अवैध भांग की फसल को नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई का उद्देश्य जनपद को नशामुक्त बनाने के साथ-साथ अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की खेती या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल टोल-फ्री नंबर 1933 अथवा स्थानीय पुलिस को सूचित करें।

इसके साथ ही पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा और महिला संबंधी अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। लोगों को विभिन्न प्रकार की साइबर ठगी से सतर्क रहने तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन 1930, आपात स्थिति में 112 और महिलाओं की सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन 1090 पर तुरंत संपर्क करने की जानकारी दी गई।

पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे नशामुक्त और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देकर कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।