August 5, 2026

बदरीनाथ चोरी: प्रमोद नौटियाल के घर कैश और बेनामी संपत्ति मिली


देहरादून ।  बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के मामले में मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल ने अकूत संपत्तियां बनाई हैं… इसका खुलासा जल्द एसआईटी करेगी। देहरादून के नेहरू कॉलोनी स्थित उसके आवास पर टीम ने छापेमारी के दौरान कई बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज बरामद किए। तीन घंटे तक चली तलाशी में घर का कोना-कोना खंगाला। सूत्रों के अनुसार, तीन प्रॉपर्टी के कागज जांच टीम के हाथ लगे हैं। बता दें कि बदरीनाथ चोरी प्रकरण में पुलिस अब तक दो गिरफ्तारी कर चुकी है। जांच टीम के अनुसार, प्रमोद ने अभी भी अपने अन्य सहयोगियों के नामों पर चुप्पी साधी है।प्रमोद नौटियाल के घर मिले दस्तावेजों की अब बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चढ़ावे की चोरी की रकम को कहीं बेनामी संपत्तियों में तो नहीं खपाया गया। दून में छापेमारी से एक दिन पहले, मंगलवार को जांच टीम ने बदरीनाथ स्थित आरोपी के आवासीय कमरे की भी तलाशी ली थी।
घर की तलाशी में टीम को नेपाली करेंसी की दो गड्डियां, कुछ चांदी के सिक्के और कई हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। नेपाली मुद्रा मिलने के बाद पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या इसका संबंध विदेशी श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान से है। बुधवार को बदरीनाथ में पूछताछ के बाद टीम प्रमोद को देहरादून लाई थी।
रिमांड पर लिए जाने के बाद से ही एसआईटी आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है, लेकिन प्रमोद नौटियाल ने अब तक अपने किसी भी साथी या मददगार का नाम नहीं उगला है। पुलिस को उम्मीद है कि बरामद हुए साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर क्रॉस-क्वेश्चनिंग करने पर वह जल्द ही टूट जाएगा और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के नाम भी सामने आ जाएंगे।
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे और दान के प्रबंधन में कथित वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में पुलिस प्रमोद नौटियाल के बाद बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर चुकी है। दूसरी गिरफ्तारी 17 जुलाई को हुई थी। चमोली पुलिस के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि राजेंद्र चौहान पूर्व में गणना अधिकारी की जिम्मेदारी संभाल चुका है। चौहान कुछ दिन पूर्व ही पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

You may have missed