August 5, 2026

गरुड़ की स्वास्थ्य व्यवस्था पर यूकेडी का हमला, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन; डॉक्टर, स्टाफ और एंबुलेंस की बदहाली की दिलाई याद

बागेश्वर, गरुड़ । तहसील गरुड़ की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूकेडी के ब्लॉक अध्यक्ष गिरीश कोरंगा (अधिवक्ता) ने मुख्यमंत्री उत्तराखंड के नाम एक विस्तृत ज्ञापन उपजिलाधिकारी गरुड़ को सौंपते हुए मोहन सिंह मेहता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ सहित क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर तत्काल सुधार की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन में कहा गया है कि मोहन सिंह मेहता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ लंबे समय से डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी से जूझ रहा है। कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उपकेंद्रों से मरीजों को रेफर कर बैजनाथ अस्पताल भेजा जाता है, लेकिन यहां भी पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सक और संसाधन उपलब्ध नहीं हैं, जिससे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

यूकेडी ने आरोप लगाया कि कुछ फार्मासिस्ट, एएनएम, नर्स और वार्ड बॉय राजनीतिक प्रभाव के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों से बैजनाथ अस्पताल में तैनात हैं, जबकि कुछ कर्मचारियों को जिले से बाहर संबद्ध किया गया है। संगठन ने ऐसे कर्मचारियों को उनके मूल तैनाती स्थल पर भेजने की मांग की है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि बैजनाथ अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट का नियमित रूप से उपलब्ध न होना गंभीर समस्या है। इससे गर्भवती महिलाओं और दुर्घटना पीड़ितों सहित गंभीर मरीजों को समय पर जांच नहीं मिल पाती और उन्हें हायर सेंटर रेफर करना पड़ता है।

यूकेडी ने अस्पताल की पैथोलॉजी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। ज्ञापन के अनुसार सरकारी लैब में ब्लड सैंपल लेने का समय सीमित होने के कारण मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अनावश्यक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने लैब सेवाओं को नियमित और समयबद्ध संचालित करने की मांग की है।

सबसे गंभीर मुद्दा 108 एंबुलेंस सेवा को बताया गया है। ज्ञापन में उल्लेख है कि बैजनाथ अस्पताल में केवल एक 108 एंबुलेंस उपलब्ध है, जो लगभग चार लाख किलोमीटर चल चुकी है और उसकी स्थिति काफी खराब हो चुकी है। वाहन में आवश्यक जीवन रक्षक उपकरण भी उपलब्ध नहीं हैं। कई बार रास्ते में खराब होने के कारण मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है। यूकेडी ने तत्काल नई 108 एंबुलेंस उपलब्ध कराने और आवश्यक उपकरणों से लैस करने की मांग की है।

ज्ञापन के अंत में संगठन ने स्पष्ट कहा है कि यदि स्वास्थ्य सेवाओं में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो उत्तराखंड क्रांति दल क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा।

You may have missed